एसपी के मिशन 3डी से प्रेरणा लेकर सामाजिक कार्यकर्ता हरसिंह जमरे के परिवार ने पेश की मिसाल

🔵 दहेज, दारू और डीजे के बिना सादगी पूर्वक संपन्न कराया अपनी पुत्री का विवाह

🔴 एसपी के निर्देशन में एएसपी ने किया परिवार का सार्वजनिक सम्मान

ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी

शादी-विवाह आयोजनों में शोर शराबे और कुरीतियों के बीच अब जिले में एसपी पद्म विलोचन शुक्ल द्वारा शुरु किए गए मिशन थ्रीडी का असर दिखने लगा है। रविवार को मिशन अंतर्गत जिले में पहला ऐसा विवाह संपन्न हुआ, जो मिशन 3डी अंतर्गत दहेज, दारू और डीजे मुक्त रहा। यह विवाह आयोजन पाटी के ग्राम सावरियापानी में एक परिवार ने बेहद सादगीपूर्ण और कुरीतिमुक्त विवाह आयोजन संपन्न कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

ग्राम सावरिया पानी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता हर सिंह जमरे ने बताया कि 5 अप्रैल को पाटी थाना क्षेत्र के ग्राम सागबारा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम से प्रेरणा लेते हुए अपनी पुत्री का विवाह मिशन 3डी के सिद्धांतों के अनुरूप संपन्न किया। इस दौरान दहेज प्रथा का पूर्णत: त्याग किया। शादी को पूर्णत: नशामुक्त (दारू मुक्त) रखा। वहीं डीजे का उपयोग नहीं कर ध्वनि प्रदूषण और फिजूलखर्ची से बचाव किया।

इस सराहनीय कार्य की जानकारी मिलने पर एसपी के निर्देशन में एएसपी धीरज बब्बर, एसडीओपी महेश सुनैया, पाटी थाना प्रभारी रामदास यादव स्टाफ के साथ ग्राम सावरियापानी पहुंचे और सामाजिक कार्यकर्ता हरसिंह जमरे तथा उनके परिवार का सार्वजनिक रूप से पुष्पमाला, शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया।

यह हैं मिशन 3डी 

दरअसल मिशन 3डी का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त दहेज प्रथा, नशे की प्रवृत्ति और अनावश्यक खर्च जैसी कुरीतियों को समाप्त कर परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने हाल ही में जिले में पदस्थापना के साथ इसे शुरु किया है। अभियान का लक्ष्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विवाह जैसे आयोजनों को सरल, सादगीपूर्ण और कुरीति मुक्त बनाना है। एसपी शुक्ल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे भी हर सिंह जमरे की तरह इस मुहिम से जुड़े और दहेज, दारू और डीजे मुक्त विवाह को अपनाकर एक स्वस्थ, जागरूक व नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।