खंडवा में हर्षोल्लास के साथ मना 70वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस, स्कूली बच्चों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
खंडवा। मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को खंडवा जिले में भव्य समारोह आयोजित किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में संपन्न हुआ, जहां मुख्य अतिथि प्रदेश के जनजाति कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने ध्वजारोहण कर समारोह की शुरुआत की।
इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर एवं नगर निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन
मंत्री डॉ. शाह ने इस अवसर पर पशुपालन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन, और उद्यानिकी विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की और समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के दिन ओंकारेश्वर में शुरू की हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा
अपने संबोधन में डॉ. शाह ने नागरिकों को प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के शुभ अवसर पर ओंकारेश्वर से पीएम श्री हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा की शुरुआत हो रही है।
उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर को महाकालेश्वर और इंदौर से हवाई मार्ग से जोड़ने से न केवल स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिलेगी बल्कि बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी यात्रा सुगम होगी।
मंत्री ने बताया कि भविष्य में खंडवा एयरस्ट्रिप से छोटे विमानों की नियमित उड़ानें शुरू करने की संभावनाएं भी प्रबल हैं।
बस हादसा : महिला की मौत, 2 गंभीर घायल इंदौर रेफर
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान
मेक्रो विजन स्कूल, रायचंद नागडा उत्कृष्ट विद्यालय और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय विज्ञान मेले में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जो अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
