महेश्वर में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई : ₹2.75 लाख की मदिरा और 26 क्विंटल महुआ लहान जब्त

8 केस दर्ज, 2 आरोपी गिरफ्तार | कलेक्टर भव्या मित्तल के निर्देश पर चार वृत्त के आबकारी दल की संयुक्त कार्रवाई

महेश्वर (निप्र)। खरगोन जिले के महेश्वर में शनिवार 30 अक्टूबर की अलसुबह अवैध मदिरा निर्माण और विक्रय पर बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर भव्या मित्तल के निर्देश एवं सहायक आयुक्त आबकारी के विशेष मार्गदर्शन में आबकारी विभाग के चार वृत्त—महेश्वर, सनावद, कसरावद और बड़वाह—के दलों ने चिन्हित अवैध स्थलों पर एक साथ दबिश दी।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छापेमारी

वृत्त प्रभारी देवराज नगीना (आबकारी उपनिरीक्षक) के नेतृत्व में दल ने जलकोटा, बुड़कीपुरा, बंडापुरा, भकलाय, कुसुंभिया सहित महेश्वर शहरी क्षेत्र के जेल रोड पर एक साथ कार्रवाई की। यह अभियान उन क्षेत्रों पर केंद्रित रहा जहां लंबे समय से अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री की गतिविधियां चल रही थीं।

भारी मात्रा में अवैध शराब और सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान जब्त सामग्री में शामिल हैं —

  • हाथभट्टी मदिरा : 52 बल्क लीटर
  • देशी/विदेशी मदिरा : 12.16 बल्क लीटर
  • महुआ लहान (कच्चा माल) : 2600 किलोग्राम
    कुल मिलाकर ₹2.75 लाख मूल्य की मदिरा और सामग्री जब्त की गई।

8 प्रकरण दर्ज, 2 आरोपी गिरफ्तार

आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए हैं तथा 2 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।

संयुक्त दल की सराहनीय भूमिका

इस संयुक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अजयपाल सिंह भदौरिया, आबकारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मालवीय, शिवम चौरसिया सहित चारों वृत्तों के मुख्य आरक्षक और आरक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

अवैध शराब पर सख्त अभियान जारी रहेगा

वृत्त अधिकारी देवराज नगीना ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

“जिले में अवैध शराब के निर्माण और विक्रय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,” — उन्होंने कहा।

इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि जिला प्रशासन और आबकारी विभाग अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहे हैं।