राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बड़वानी में कांग्रेस का उग्र धरना, पीएम की प्रतीकात्मक अर्थी सजाकर जताया विरोध, पीएम का फोटो जलाया
ध्रुव वाणी बड़वानी
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी एवं आंदोलनरत छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार रात 9 बजे से जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शहर के कारंजा चौराहा एवं पुराने कलेक्ट्रेट क्षेत्र में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र संगठन से जुड़े लोग प्रदर्शन में शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान सबसे अधिक ध्यान उस समय आकर्षित हुआ, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो रखकर प्रतीकात्मक अर्थी सजाकर उस पर फूल माला सजाकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अर्थी के समक्ष “राम नाम सत्य है” के जयकारे लगाए तथा केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो जलाकर विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर तक राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया।

धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है तथा आंदोलनरत छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी की रिहाई और छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नानेश चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं की गिरफ्तारी और छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र को कमजोर करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्याय और दमन के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।

कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी अजयसिंह ठाकुर ने बताया कि चेतावनी दी कि यदि ऐसी कार्रवाई नहीं रुकी तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। देर रात तक कारंजा चौराहा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारों से गूंजता रहा। रात्रि 9 से 1 बजे तक यह प्रदर्शन किया गया।
स्थिति को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन सहित पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी रही।
