Barwani…बड़वानी के लाल अभय जोधपुरकर को नेशनल फिल्म अवॉर्ड, जिले में खुशी की लहर

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में बेस्ट मेल सिंगर चुने गए, मराठी फिल्म ‘घरात गणपति’ के गीत ‘नवसची गोरी माझी’ के लिए मिला सम्मान

✍️ ध्रुव वाणी बड़वानी

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा के साथ ही बड़वानी जिले के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। जिले के सेंधवा निवासी एवं प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभय जोधपुरकर को मराठी फिल्म ‘घरात गणपति’ के लोकप्रिय गीत ‘नवसची गोरी माझी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक (बेस्ट मेल सिंगर) के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

अभय जोधपुरकर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है। सेंधवा निवासी प्राचार्य अमिता एवं मनोज जोधपुरकर के पुत्र अभय ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश की संगीत दुनिया में विशेष पहचान बनाई है।

अभय, भारतीय फिल्म संगीत जगत के महान संगीतकार के शिष्य हैं और उनके संगीत निर्देशन में पिछले कई वर्षों से हिंदी, मराठी, तमिल और तेलुगु फिल्मों में अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेर रहे हैं। अपनी गायकी के दम पर वे देशभर में लाखों संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हैं। इससे पूर्व भी अभय जोधपुरकर को उनकी उत्कृष्ट गायकी के लिए जी सिने अवॉर्ड सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। अब राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बड़वानी जिले का मान बढ़ा है।

अभय की इस उपलब्धि पर जिले की प्रमुख संगीत संस्था स्वर संगम सहित कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। संस्था के अनिल जोशी, गुरमीत सिंह गांधी, अमजद अली खान, असगर अली नसीम, उत्सव गुप्ता, सुनीता मोरे, सुनीता शुक्ला एवं किशोर फड़के सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।