किसी ने डॉक्टर बनने का सपना बताया, किसी ने पूछा समय प्रबंधन का राज; मुख्यमंत्री ने हर विद्यार्थी को दिए ₹10 हजार

गायत्री धाम में ‘विकसित भारत का आधार’ विषय पर बाल संवाद, नीट में सफल रोहित, राष्ट्रीय स्तर की गायिका आराधना और हाई जंप चैंपियन साक्षी की प्रतिभा से प्रभावित हुए डॉ. मोहन यादव


दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी


किसी की आंखों में डॉक्टर बनने का सपना था, किसी की आवाज ने सबका मन मोह लिया, तो किसी ने खेल के मैदान में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। बड़वानी जिले के गायत्री धाम, कलाल्दा में रविवार को आयोजित बाल संवाद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों से आत्मीय चर्चा की। ‘विकसित भारत का आधार’ विषय पर हुए इस संवाद में मुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और संवाद में शामिल प्रत्येक विद्यार्थी को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी उपलब्धियों, भविष्य के लक्ष्यों और चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रतिभा, परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर वे विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी सफलता को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित न रखते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा से जोड़ने का संदेश दिया।

नीट में सफल रोहित से कहा—डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जामली के पूर्व छात्र रोहित बामनिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने नीट-2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर शासकीय मेडिकल कॉलेज, नीमच में प्रवेश लिया है। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना की और परिवार के बारे में जानकारी ली।

रोहित ने बताया कि उनकी मेडिकल शिक्षा की फीस मध्यप्रदेश शासन द्वारा वहन की जा रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रतिभाशाली और वंचित वर्गों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने रोहित को डॉक्टर बनकर सेवाभाव से काम करने और अपने क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी चिकित्सा शिक्षा के लिए प्रेरित करने की सीख दी।

आराधना के शास्त्रीय गायन ने मोहा मन

 

जामली विद्यालय की कक्षा 10वीं की छात्रा आराधना तरोले ने बताया कि उन्होंने कला उत्सव में शास्त्रीय संगीत के एकल गायन में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए गीत प्रस्तुत करने का आग्रह किया। आराधना के मधुर गायन की उपस्थित लोगों ने सराहना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें नियमित अभ्यास के जरिए अपनी कला को निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

हाई जंप चैंपियन साक्षी को ओलंपिक का लक्ष्य

निवाली के कन्या खेल परिसर की कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी भागले ने बताया कि उन्होंने लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता की हाई जंप स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने साक्षी को भविष्य में एशियाई खेलों और ओलंपिक जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित किया।

सातवीं के छात्र ने पूछा—व्यस्त दिनचर्या में समय कैसे संभालते हैं?

बाल संवाद के दौरान कक्षा सातवीं के छात्र कृष्णा सीताराम चौहान ने मुख्यमंत्री से उनकी व्यस्त दिनचर्या में समय प्रबंधन का तरीका पूछा। मुख्यमंत्री ने सवाल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को रात में सोने से पहले अगले दिन के कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई के साथ योग, प्राणायाम, शारीरिक गतिविधियों और स्वाध्याय को भी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित स्वाध्याय से ज्ञान बढ़ता है और व्यक्तित्व का विकास होता है।

स्मार्ट क्लास से नीट-जेईई की तैयारी तक, सुविधाओं की सराहना

कन्या शिक्षा परिसर की छात्रा किरण गिरासे ने मुख्यमंत्री को आईसीटी लैब, कंप्यूटर लैब और स्मार्ट क्लास के माध्यम से दी जा रही आधुनिक शिक्षा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री ने इन सुविधाओं की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने को कहा।

कृषि से इंजीनियरिंग तक, अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य चुनने की सीख

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के करियर विकल्पों पर भी चर्चा की। उन्होंने चिकित्सा, इंजीनियरिंग, शिक्षण, राजनीति और आधुनिक कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की संभावनाएं बताईं। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में परिश्रम, समर्पण और नवाचार से उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

नेताजी सुभाषचंद्र बोस के जीवन का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रसेवा और दृढ़ संकल्प का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रतिभा का उपयोग समाज तथा राष्ट्र के विकास के लिए करना भी जरूरी है।

गीत, गीता पाठ और गौमाता वंदना ने बांधा समां

कार्यक्रम में निमाड़ी गायक तुलसीराम पटेल ने प्रस्तुति दी। चिरंजीवी वेदिका ने श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का पाठ किया, जबकि गुरुकुल के विद्यार्थियों ने गौमाता वंदना और शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। आज के विद्यार्थी ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाले भविष्य के निर्माता हैं।

 

कार्यक्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य, जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक श्याम बर्डे, सेंधवा नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, शांतिकुंज प्रतिनिधि प्रमोद भटनागर और मेवालाल पाटीदार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।