पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का भव्य आयोजन; एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री का संबोधन, संकल्प के बाद निकली सेवा ज्योति यात्रा
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा ने बुधवार को बड़वानी में शक्ति प्रदर्शन के साथ ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया। जिला मुख्यालय स्थित निजी रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में जिले की चारों विधानसभा—बड़वानी, राजपुर, सैंधवा और पानसेमल—से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, हितग्राही, आमजन और मातृशक्ति शामिल हुई। पूरा आयोजन विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव, पानसेमल विधायक श्याम बर्डे, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, सेवा संकल्प अभियान के जिला प्रभारी विकास आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, राजपुर विधानसभा के नेता अंतरसिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश खंडेलवाल, कमलनयन इंगले, जिला महामंत्री भागीरथ कुशवाह और सचिन चौहान सहित पार्टी के पदाधिकारी मंचासीन रहे। कलेक्टर जयति सिंह, जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता और नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा सहित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पूजन और कन्या पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद कन्या पूजन किया गया। आयोजन स्थल पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी, जिस पर दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम और उनके संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया।
पीएम मोदी के संबोधन में विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लक्ष्य पर जोर दिया। उन्होंने अपनी सार्वजनिक यात्रा को देश की जनता के विश्वास और सहयोग से जुड़ा बताते हुए राष्ट्र प्रथम के संकल्प को दोहराया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे “न रुकेंगे, न थकेंगे और न पथ से डिगेंगे।” उन्होंने सामूहिक प्रयासों से असंभव दिखने वाले कार्यों को संभव बनाने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से जुड़े कार्यों पर प्रकाश डाला।

संकल्प के बाद प्रज्वलित हुई सेवा ज्योति
प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने उपस्थित जनसमुदाय को विकसित भारत का संकल्प दिलाया। इसके बाद राष्ट्रगीत का सामूहिक गान हुआ। सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव ने अन्य अतिथियों के साथ सेवा संकल्प ज्योति प्रज्वलित की। इसके बाद सेवा ज्योति रथ के साथ संकल्प यात्रा निकाली गई। यात्रा आयोजन स्थल से प्रारंभ होकर शहर के श्रीराम चौक पहुंची और वापस आयोजन स्थल पर लौटी। इसके बाद चारों विधानसभाओं के प्रभारी और कार्यकर्ता सेवा संकल्प ज्योति लेकर अपनी-अपनी विधानसभा के लिए रवाना हुए।
750 जिलों में सेवा ज्योति यात्रा का दावा
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि देशभर के 750 जिलों में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए जीने, समर्पित रहने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प दिया है। वर्ष 2014 से केंद्र सरकार द्वारा सेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने ‘लोकल फॉर वोकल’, गरीबों, किसानों, माताओं-बहनों और समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए किए गए कार्यों को प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा से जोड़ा।
जिलेभर से पहुंचे पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता
आयोजन में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी और जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।
