अक्टूबर 2027 में अंतरराष्ट्रीय महामस्तकाभिषेक एवं पंचकल्याणक महोत्सव प्रस्तावित, 20 से 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद; ट्रस्ट ने मांगा शासन का सहयोग
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थक्षेत्र बावनगजा में अक्टूबर 2027 में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय महामस्तकाभिषेक एवं पंचकल्याणक महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन में 20 से 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बावनगजा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सेंधवा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उन्हें महोत्सव का निमंत्रण दिया और आयोजन के लिए शासन से सहयोग मांगा।
इस दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष विनोद कुमार दोषी, ट्रस्टी निलेश रेवका और मंत्री डॉ. चक्रेश पहाड़िया मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने यातायात, सुरक्षा, पेयजल और स्वच्छता जैसी व्यवस्थाओं के लिए प्रशासनिक समन्वय तथा मेला प्रभारी नियुक्त करने का आग्रह किया।
बावनगजा में भगवान आदिनाथ की लगभग 84 फीट ऊंची प्रतिमा प्रमुख आस्था केंद्र है। ट्रस्ट के अनुसार, प्रतिमा के जीर्णोद्धार का कार्य जारी है। महोत्सव से बावनगजा की धार्मिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने और जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
