🔵 अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा की आयुक्त से फिर हुई मुलाकात
🔴 टीईटी के विरोध में शनिवार जिले से बड़ी संख्या में भोपाल पहुंचेंगे शिक्षक
✍️ ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी के विरोध में तथा परीक्षा को लेकर जो आदेश जारी हुए हैं। उसे निरस्त करने की मांग को लेकर और नवीन संवर्ग के शिक्षकों को प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता देने की मांग को लेकर शनिवार को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में शिक्षकों का राज्यव्यापी प्रदर्शन होगा। जिले से बड़ी संख्या में शिक्षक इस प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचेंगे। राज्य स्तरीय प्रदर्शन में करीब 1 लाख शिक्षकों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। इसके पूर्व शिक्षकों द्वारा 8 अप्रैल को जिला स्तर पर एवं 11 अप्रैल को ब्लॉक स्तर पर प्रभावी प्रदर्शन किया गया था। इधर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय संयोजक डीके सिंगौर व प्रांतीय सचिव हेमेंद्र मालवीय ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर 3 बजे लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश भोपाल में आयुक्त अभिषेक सिंह से टीईटी के महत्वपूर्ण मुद्दे पर संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों की विस्तृत चर्चा हुई।
इस दौरान अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा की ओर से अपने सभी तर्कए तथ्य एवं आवश्यक दस्तावेज आयुक्त महोदय को विधिवत सौंपे गए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दबाव में रिव्यू फाइल हुई है। लेकिन टीईटी को लेकर हमने अपना विस्तृत ज्ञापन बनाया है। रिव्यू उसका तीसरा बिंदु है। हम पात्रता परीक्षा के आदेश में रोक चाहते हैं। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रस्तुत तथ्यों एवं तर्कों के आधार पर इस विषय में न्यायोचित एवं सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
