–मौके पर लगी भीड़, पुलिस की मौजूदगी में घायलों को खेतिया अस्पताल भेजा
बड़वानी ( इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट )। जिले के पहाड़ी अंचल के बोकराटा खेतिया मार्ग पर शुक्रवार सुबह नर्मदा परिक्रमा वासियों से भरी स्लीपर बस पलट गई। डबल डेकर बस क्रमांक एमपी 46 जेड पी 7986 में बड़ी संख्या में महिला पुरुष तीर्थ यात्री सवार थे। घटना में करीब 40 लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं एक की मौत हुई है सूचना मिलते ही पुलिस अमला मौके पर पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार सुबह तीर्थ यात्राओं की बस बोकराटा से खेतिया की और रवाना हुई थी। इस दौरान करीब 9. 30 बजे ग्राम बायगौर क्षेत्र में यह हादसा हो गया। घटना में घायल व गंभीर घायलों को खेतिया अस्पताल भेजा गया है।
महाराष्ट्र के प्रकाशा जा रहे थे यात्री
बस में सवार तीर्थ यात्री विभिन्न स्थानों के निवासी हैं। नर्मदा तीर्थ यात्री ओंकारेश्वर से बड़वानी आए थे और यहां से बोकराटा-खेतिया होकर महाराष्ट्र का प्रकाशा की ओर रवाना हुए थे। तभी यह हादसा हो गया। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वही बड़वानी से ही बड़ी संख्या में लोग फोर व्हीलर वाहन लेकर मौके पर रवाना हुए है।
बस एक और पलटने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस की मौजूदगी में घायलों को तत्काल बस से निकल गया और एंबुलेंस के माध्यम से खेतिया अस्पताल भेजा गया। जहां उपचार शुरू किया गया। वहीं मौके मौजूद लोगों द्वारा रस्से बांधकर बस को सीधा करने की भी कोशिश की। इसके बाद पानसेमल से क्रेन जेसीबी से बस को सीधा किया जा रहा है।
गुरुवार शाम राजघाट से रवाना हुए थे यात्री
उक्त बस में सवार परिक्रमा यात्री गुरुवार शाम हीं शहर के समीप पांच किलोमीटर दूर रोहिणी तीर्थ नर्मदा तट के बेकवाटर किनारे आरती पूजन कर पाटी की ओर रवाना हुए थे। बोकराटा क्षेत्र में रात्रि विश्राम के बाद आगे रवाना हुए थे। इस दौरान यह हादसा हो गया।
बता दे की बैक वाटर के चलते नर्मदा परिक्रमा के पुराने पथ जलमग्न हो चुके हैं। ऐसे में परिक्रमा वासियों को सड़क मार्ग से ही यात्रा करना पड़ रही है।
पहाड़ी क्षेत्र होने व नेटवर्क नहीं मिलने से परेशानी
दरअसल बोकराटा खेतिया के बीच मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने की समस्या है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को भी संपर्क करने में दिक्कत आ रही है। वही बोकराटा से पहाड़ी क्षेत्र को काटकर बनाया गया रोड घुमावदार वह घाट क्षेत्र का है।
