Barwani… तीन करोड़ की लागत से वेंडर मार्केट बनकर तैयार, लोकार्पण का इंतजार, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, कहा – कब होगा लोकार्पण

✍️ ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी 

बड़वानी नगर पालिका की अनदेखी से जनता के करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी उन्हें समय पर विकास कार्यों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शहर के सबसे व्यस्ततम झंडा चौक स्थित 3.10 करोड़ रुपए की लागत से बने वेंडर मार्केट का निर्माण नगर पालिका परिषद ने सिर्फ इसलिए करवाया था ताकि सड़कों पर बैठने वाले दुकानदारों को छत मिले, यहां लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिले और शहर में स्वच्छता के साथ सुंदरता बढ़ाई जा सके लेकिन शहर की जनता से यह सुविधा दूर है।

इस सम्बन्ध में शुक्रवार दोपहर नपा नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव सहित कांग्रेस नेता व पार्षदों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर संयुक्त कलेक्टर शक्ति सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा।  ज्ञापन में कलेक्टर  से मांग की गई कि जल्द वेंडर मार्केट का लोकार्पण किया जाएं। ताकि लोगों को सुविधाएं उपलब्ध हो सके।

समय सीमा में काम पूर्ण होने के दावे फेल 

नपा नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन के दावे हर बार झूठे ही की साबित हो रहे हैं। प्रोजेक्ट की शुरुआत मार्च 2023 में हो गई थी। इसे 18 महीने की डेडलाइन मिली थी। पहली डेडलाइन सितंबर 2024 को खत्म हो गई, इसके बाद भी काम अधूरा था। दूसरी डेडलाइन जनवरी 2026 का दावा भी हवा हो गया। नगर पालिका के जिम्मेदारों से चर्चा की तो उन्होंने जल्द लोकार्पण होने का दावा किया था, लेकिन अभी भी वेंडर मार्केट धूल खा रहा है।

… तो करेंगे आंदोलन

नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस दल के पार्षद सहित युवक कांग्रेस जिला प्रशासन से मांग करता है, कि जल्द वेंडर मार्केट का लोकार्पण किया जाएं। और शहर की जनता को सुविधा का लाभ दिया जाएं। समय रहते वेंडर मार्केट का लोकार्पण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्षद दल एवं युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी जिसकी जवाबदारी जिला प्रशासन की होगी।

इस दौरान नगर पालिका परिषद बड़वानी नेता प्रतिपक्ष एवं समस्त पार्षदगण,युवक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित एनएसयूआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित समस्या निवारण जिला अध्यक्ष सहित समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।