आज मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं, कल नहीं रहूंगा, लेकिन कार्यकर्ता रहेगा! हेमंत खण्डेलवाल ने बड़वानी में दिया बड़ा संदेश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान की चर्चा, बोले—सत्ता नहीं, विचारधारा है संगठन की असली ताकत; बूथ से जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को दिया मजबूती का मंत्र

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

राजनीति में पद स्थायी नहीं, लेकिन संगठन की विचारधारा और कार्यकर्ता की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को अपने प्रथम बड़वानी आगमन पर कुछ इन्हीं शब्दों में कार्यकर्ताओं को संगठन की ताकत का अहसास कराया। उन्होंने कहा, “आज मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं, कल नहीं रहूंगा। आज जो सांसद और विधायक हैं, वे भी कल नहीं रहेंगे। आज जो जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष हैं, वे भी कल नहीं रहेंगे, लेकिन कार्यकर्ता रहेगा और विचारधारा रहेगी।”

साखी रिसोर्ट में आयोजित जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति के लिए राजनीति करने वाला संगठन नहीं, बल्कि विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित, समृद्ध और रोजगार के अवसरों से युक्त भारत देना पार्टी का संकल्प है।

प्रदेश अध्यक्ष ने दौरे की शुरुआत राजघाट पर मां नर्मदा के पूजन-अर्चन से की। इसके बाद बूथ कमेटी की बैठक में शामिल हुए और भाजपा जिला कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने जिला कोर कमेटी की बैठक में भी संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, जिलाध्यक्ष अजय यादव सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।