एसी, डीई और इंजीनियरों से चर्चा कर जताई नाराजगी, नवदुर्गा महोत्सव में निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग; समस्या नहीं सुलझी तो ग्रामीणों के साथ घेराव की चेतावनी
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
🔴 LIVE REPORT | बड़वानी
ग्रामीण क्षेत्रों में जारी अघोषित बिजली कटौती के मुद्दे पर विधायक राजन मंडलोई ने आज ग्रामीणों के प्रतिनिधियों के साथ विद्युत मंडल के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने एसी, डीई एवं संबंधित इंजीनियरों के समक्ष बिजली कटौती से ग्रामीणों को हो रही परेशानियां रखते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पूर्व सूचना बिजली कटौती बंद नहीं हुई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर विद्युत विभाग का घेराव कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

🔴 लोड शेडिंग के नाम पर कटौती पर जताई नाराजगी
विधायक राजन मंडलोई ने कहा कि शो लोडिंग और लोड शेडिंग के नाम पर ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पूर्व सूचना के बिजली काटी जा रही है। बीती रात भी ग्रामीण बिजली कटौती से परेशान रहे। कई ग्रामीण विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से जवाब मांगते रहे, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
नवदुर्गा महोत्सव से पहले निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग
विधायक ने विद्युत मंडल के अधिकारियों से कहा कि नवदुर्गा महोत्सव के दौरान गांवों में पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी की आराधना के लिए एकत्रित होंगे। ऐसे में बिजली कटौती से धार्मिक आयोजनों के साथ आम जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है। उन्होंने त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने का मुद्दा उठाया
विधायक ने सरकार के किसानों को 10 घंटे बिजली देने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को निर्धारित समय पर पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। कभी चार घंटे, कभी छह घंटे तो कभी अलग-अलग शिफ्टों में बिजली मिलने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बढ़ते बिजली बिलों, स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों तथा बिजली कनेक्शन काटने और दोबारा जोड़ने के दौरान लगने वाले शुल्क का मुद्दा भी अधिकारियों के समक्ष उठाया।
मांग पूरी नहीं हुई तो होगा विद्युत विभाग का घेराव
विधायक राजन मंडलोई ने विद्युत मंडल के अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने और आपूर्ति में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों, ग्रामीणों और आम उपभोक्ताओं को परेशानी से राहत मिलनी चाहिए। यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर विद्युत विभाग का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।
