पीजी कॉलेज मैदान में सजेगा गरबा का रंग, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने तैयारियों का लिया जायजा

सुरक्षा के लिए दो प्रवेश द्वार और CCTV से निगरानी!

12 से 18 अक्टूबर तक होगा ओपन गरबा महोत्सव; महिलाओं और बालिकाओं को मिलेगा निःशुल्क प्रवेश

✍️ ध्रुव वाणी बड़वानी

मां दुर्गा की आराधना, गरबा की थाप और रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों के बीच बड़वानी में नवरात्रि का उत्साह परवान चढ़ने वाला है। शहर के पीजी कॉलेज मैदान में 12 से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ओपन गरबा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने आयोजन स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आयोजकों से चर्चा की।

मंत्री ने भव्य पंडाल में मां भगवती की पूजा-अर्चना कर महाआरती में सहभागिता की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान आयोजन की भव्यता के साथ सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया।

दो प्रवेश द्वार, CCTV कैमरों से रहेगी नजर

आयोजन स्थल पर सुरक्षा के लिए दो प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। दोनों द्वारों पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। पुरुषों और युवकों के लिए शुल्क आधारित प्रवेश रहेगा, वहीं महिलाओं और बालिकाओं को निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा।

गरबा प्रतिभागियों को मिलेंगे पुरस्कार

महोत्सव में बेस्ट स्मार्ट चाइल्ड, बेस्ट ग्रुप, बेस्ट गरबा ड्रेस और बेस्ट कपल जैसी श्रेणियों में पुरस्कार देकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया जाएगा।

नवरात्रि के दौरान मां अंबे की आराधना के साथ गरबा महोत्सव शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।