धरगांव के श्री श्याम सांवलिया धाम, धरगांव में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का तीसरा दिन: लाखों श्रद्धालु जुटे, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित राजनेता और भक्तों की भीड़ उमड़ी

5 एकड़ में फैले पंडालों में गरबा-रास से गूंजा माहौल, 1,300 से अधिक कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई, पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधो समेत अनेक जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए।

​मण्डलेश्वर (राजेश पवार)  
मध्य प्रदेश के निमाड़ क्षेत्र के ग्राम धरगांव में स्थित श्री श्याम सांवलिया धाम में चल रहे पाँच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन (शुक्रवार) का आयोजन विशेष रहा। इस अवसर पर महोत्सव का स्वरूप ऐसा दिखा कि अध्यात्म, धर्म और भक्ति का संगम सा प्रतीत हुआ।

​गुरुवार रात: जब भक्ति के आगे 5 एकड़ का क्षेत्र पड़ा छोटा

धरगांव में गुरुवार शाम आयोजित हुआ महा गरबा रास महोत्सव में भक्तों की अटूट आस्था और क्षेत्रवासियों के समर्पण के कारण यह आयोजन एक ऐतिहासिक शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। गरबा रास पंडाल और मंदिर सहित 5 एकड़ का विशाल क्षेत्र भी भक्तों के लिए छोटा पड़ गया। श्याम मेले, कृषि मेले और लगभग 500 मीटर लंबी सड़क तक सिर्फ और सिर्फ लोगों का हुजूम दिखाई दिया.

जिसे देखकर हर कोई इसे भगवान के ‘विराट स्वरूप’ का साक्षात दर्शन महसूस कर रहा था। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए 1300 से अधिक कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से समर्पण और निष्ठा से जुटे हुए थे, जिनकी मेहनत और तपस्या इस अलौकिक भीड़ के रूप में सफल हुई। ​महा गरबा रास के इस मंच पर धर्म, राष्ट्रप्रेम और राजनीति के दिग्गज एक साथ जुटे।

कार्यक्रम को सुप्रसिद्ध कथावाचक श्याम सुंदर दास जी महाराज मंडलेश्वर और स्वामीनारायण मंदिर धरगांव के स्वामी देव प्रकाश जी महाराज ने आशीर्वाद दिया। इसके अलावा, वीरांगना प्रतिभा राजेंद्र सिंह यादव (शहीद समरसता मिशन) व महेश्वर विधायक राजकुमार मेव ने भी विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। जय मां भवानी गरबा मंडल (पाखलिया/मोहनखेड़ी) व जी. टी. गरबा मंडल गोगावां के ग्रुपों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को भक्ति और उत्साह से भर दिया।

​शुक्रवार: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने किया अवलोकन

महोत्सव के तीसरे दिन, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह धरगांव पहुँचे। उन्होंने धार्मिक आस्था के इस विशाल आयोजन में भाग लिया और मंदिर समिति के सदस्यों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। ,, दिग्विजय सिंह ने मंदिर प्रांगण पहुँचकर चल रहे प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की गतिविधियों को देखा। उन्होंने यज्ञशाला का भ्रमण किया और वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया ।

इसके बाद, उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए संचालित विशाल भोजनशाला की व्यवस्थाएं भी देखीं। दिग्विजय सिंह ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा आयोजन की रूपरेखा और होने वाले योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली ।

धरगांव पहुँचने पर मंदिर समिति के कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री व महेश्वर की पूर्व विधायक डॉ. विजयलक्ष्मी साधो, धरमपुरी के पूर्व विधायक पाचीलाल मेड़ा समेत महेश्वर विधानसभा क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।