पुलिस लाइन में अचानक गूंजे आदेश, जवानों ने संभाला मोर्चा; बलवा ड्रिल में परखी गई कानून-व्यवस्था से निपटने की तैयारी

एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने जनरल परेड का किया निरीक्षण, बलवा नियंत्रण अभ्यास में देखी पुलिसकर्मियों की तत्परता; कमियां मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

पुलिस लाइन में शुक्रवार सुबह अनुशासन, सतर्कता और मुस्तैदी का नजारा देखने को मिला। पुलिस अधिकारी और जवान कदमताल करते हुए परेड में शामिल हुए तो वहीं बलवा ड्रिल के दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ने जैसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा गया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने पुलिसकर्मियों की कार्यशैली, शारीरिक दक्षता और आपात स्थिति में प्रतिक्रिया देने की क्षमता का निरीक्षण किया।

9 अक्टूबर को रक्षित केंद्र पुलिस लाइन बड़वानी में आयोजित साप्ताहिक जनरल परेड के बाद बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इसमें करीब 190 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। अभ्यास के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों की तत्परता और प्रशिक्षण का अवलोकन किया तथा सामने आई तकनीकी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।

कदमताल से लेकर वर्दी तक का निरीक्षण

जनरल परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निंगवाल ने किया। परेड के दौरान जवानों की कदमताल, अनुशासन, वेशभूषा और एकरूपता पर विशेष ध्यान दिया गया। बेहतर टर्नआउट प्रदर्शित करने वाले पुलिसकर्मियों को एसपी ने मौके पर पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया।

बलवा ड्रिल में परखी मुस्तैदी

जनरल परेड के बाद बलवा ड्रिल के माध्यम से कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया। इसका उद्देश्य पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए तैयार रखना था। एसपी ने अभ्यास के दौरान सामने आई छोटी-मोटी तकनीकी कमियों को चिह्नित कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को उनमें तत्काल सुधार करने तथा नियमित अभ्यास जारी रखने के निर्देश दिए।

Oplus_131072

‘अनुशासन ही पुलिस बल की नींव’

पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि परेड पुलिस बल में अनुशासन की जड़ है। नियमित अभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहने के साथ बल में एकरूपता, आपसी सहयोग और कार्यकुशलता भी बढ़ती है। उन्होंने जवानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

वरिष्ठ अधिकारियों सहित 190 पुलिसकर्मी रहे मौजूद

आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी रोहित अलावा, एसडीओपी राजपुर बीएल अटोदे, डीएसपी महिला सेल कैलाश चौहान और सूबेदार अलका वास्केल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें 11 निरीक्षक, 15 उपनिरीक्षक, 14 सहायक उपनिरीक्षक, 42 प्रधान आरक्षक, 77 आरक्षक और 18 महिला आरक्षक शामिल थे। इसके अलावा डॉग गामा और उसका हैंडलर तथा पुलिस बैंड के पांच सदस्य भी मौजूद रहे।