सेंधवा में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, कांग्रेस पर साधा निशाना

धारा 370 हटाने और श्रीराम मंदिर निर्माण को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि; किसान कल्याण वर्ष में दुग्ध उत्पादन, गोपालन और ग्रामीण मकानों की रजिस्ट्री पर दिया जोर

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार रात सेंधवा में भाजपा जिला कार्यसमिति एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। एक निजी होटल में रात करीब 9 बजे आयोजित बैठक में उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस पर परिवारवाद, आपातकाल और तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर निशाना साधा। साथ ही प्रदेश सरकार के किसान कल्याण वर्ष और ग्रामीण परिवारों को संपत्ति का वैध अधिकार दिलाने के प्रयासों का उल्लेख किया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजय यादव ने की। मुख्यमंत्री ने धारा 370 हटाने और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने अपने संकल्पों को पूरा किया है। उन्होंने आतंकवाद और नक्सलवाद के मुद्दे पर भी सरकार की कार्रवाई का उल्लेख किया तथा वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत माता-पिता के संबंध में की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी की निंदा करते हुए कांग्रेस नेताओं से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक मतभेदों के बावजूद भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

किसान कल्याण वर्ष में पशुपालन को बढ़ावा

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान कल्याण वर्ष के तहत दूध उत्पादन बढ़ाने, गोपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए गांव-गांव समितियां गठित करने का अभियान चला रही है। उन्होंने ग्रामीण परिवारों को उनके मकानों की रजिस्ट्री के माध्यम से संपत्ति का वैध अधिकार दिलाने की पहल का भी उल्लेख किया।

बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल यादव, जिला अध्यक्ष अजय यादव, विधायक श्याम बर्डे, पूर्व मंत्री प्रेम सिंह पटेल, पूर्व सांसद सुभाष पटेल सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।