विकास की राह पर बढ़ता बड़वानी, सांसद, पूर्व मंत्री व नपा अध्यक्ष की मौजूदगी में नई सीसी रोड का लोकार्पण

कारंजा चौराहा से सरस्वती आई हॉस्पिटल तक मार्ग का निर्माण पूरा, नगर पालिका के विकास कार्यों को मिली नई गति; दरगाह परिसर में पौधारोपण

दैनिक ध्रुव ☀️ वाणी | बड़वानी

शहर में नागरिक सुविधाओं और अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में नगर पालिका परिषद बड़वानी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों में बुधवार को एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ गई। मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना योजना (चतुर्थ चरण) के अंतर्गत निर्मित कारंजा चौराहा से सरस्वती आई हॉस्पिटल तक नई सीसी रोड का बुधवार दोपहर लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, पूर्व मंत्री प्रेम सिंह पटेल और नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

नई सीसी रोड के निर्माण से शहर के इस प्रमुख मार्ग पर आवागमन सुगम होगा। लंबे समय से इस मार्ग का उपयोग करने वाले नागरिकों और वाहन चालकों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है। लोकार्पण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने नगर विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

Oplus_131072

नगर विकास पर नपा का फोकस

नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में सड़क, आवागमन और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना योजना के तहत कारंजा चौराहा से सरस्वती आई हॉस्पिटल तक सीसी रोड का निर्माण कराया गया। मार्ग के साथ डिवाइडरों के विकास और हरियाली बढ़ाने की दिशा में भी पहल की गई है।

नगर पालिका के विकास कार्यों का उद्देश्य शहर की अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नई सड़क से क्षेत्र के रहवासियों के साथ ही प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।

दरगाह परिसर में पौधारोपण

लोकार्पण कार्यक्रम के बाद अंजड़ रोड स्थित हजरत मूसे खां वली दरगाह परिसर में सांसद सहित जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और शहर को हराभरा बनाने का संदेश दिया गया।

सड़क निर्माण के साथ पौधारोपण को जोड़कर विकास और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका के पदाधिकारी, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष ने शहर में जारी विकास कार्यों को आगे भी गति देने की बात कही गई।