रात के अंधेरे में मुरम खनन पर खनिज विभाग की दबिश, दो जेसीबी और डंपर जब्त

पाटी रोड स्थित अमलियापानी तालाब में चल रहा था उत्खनन, सूचना मिलते ही पहुंची टीम; तीनों वाहन खनिज विभाग परिसर में खड़े कराए

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

शहर से लगे पाटी रोड क्षेत्र में मंगलवार देर रात मुरम उत्खनन की सूचना पर खनिज विभाग ने दबिश देकर दो जेसीबी और एक डंपर जब्त किया। कार्रवाई अमलियापानी तालाब क्षेत्र में की गई, जहां मुरम की खुदाई की जा रही थी। देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद खनिज उत्खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई।

 

खनिज अधिकारी भावना सेंगर के अनुसार विभाग को अमलियापानी तालाब क्षेत्र में मुरम उत्खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विभागीय टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वहां मुरम की खुदाई में दो जेसीबी और एक डंपर लगे मिले। टीम ने मौके से तीनों वाहनों को जब्त कर लिया और उन्हें खनिज विभाग परिसर में खड़ा कराया गया। अधिकारी ने बताया कि जब्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार विधिवत कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा जिले में अवैध खनन, उत्खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहने की बात कही गई है।

सूचना मिलते ही रात में पहुंची टीम

शहर के नजदीक देर रात मशीनों से मुरम की खुदाई किए जाने की सूचना पर खनिज विभाग की टीम की सक्रियता सामने आई। कार्रवाई के दौरान उत्खनन में इस्तेमाल हो रही मशीनरी और मुरम परिवहन में लगे डंपर को जब्त किया गया। खनिज विभाग ने कहा है कि जिले में बिना अनुमति खनिज उत्खनन या परिवहन की सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब विभागीय जांच के बाद जब्त वाहनों पर आगे की कार्रवाई तय होगी।