आबादी में पटाखों का स्टॉक मिला तो होगी कार्रवाई, प्रशासन की नजर

58 आवेदनों में से करीब 54 को नगर पालिका ने दी एनओसी, सत्यापन के बाद एसडीएम जारी करेंगे पटाखा लाइसेंस; दीपावली से पहले सजेगा पटाखा बाजार

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी 

दीपावली पर पटाखों की बिक्री और सुरक्षित भंडारण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अवैध पटाखा संग्रहण पर नजर रखने के साथ लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। नगर पालिका स्तर पर पटाखा दुकान लगाने के लिए मिले 58 आवेदनों में से करीब 54 आवेदकों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किए जा चुके हैं। अब आवेदनों और दस्तावेजों का एसडीएम कार्यालय में सत्यापन होगा। इसके बाद एसडीएम द्वारा

नियमानुसार पटाखा लाइसेंस जारी किए जाएंगे।

एसडीएम भूपेंद्र रावत ने बताया कि फिलहाल नगर पालिका ने एनओसी जारी की है। इसके बाद एसडीएम कार्यालय में दस्तावेजों का सत्यापन कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कलेक्टर के निर्देशानुसार पटाखा विक्रेताओं से उनके स्टॉक की जानकारी ली जाएगी। पटाखों का भंडारण आबादी वाले क्षेत्रों से दूर निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की नजर इस बात पर भी रहेगी कि कहीं रिहायशी इलाकों में नियमों के विरुद्ध पटाखों का स्टॉक तो नहीं किया जा रहा है। यदि आबादी क्षेत्र में अवैध भंडारण पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

दुकानों के आवंटन और शुल्क पर फैसला बाकी

दीपावली से पहले नगर पालिका द्वारा पटाखा बाजार लगाने के लिए दुकानों का आवंटन किया जाएगा। हालांकि, दुकानों के आवंटन का शुल्क फिलहाल तय नहीं हुआ है। लाइसेंस प्रक्रिया पूरी होने के बाद पटाखा बाजार की व्यवस्थाएं स्पष्ट होंगी। प्रशासन का जोर सुरक्षित बिक्री, नियमों के पालन और संभावित हादसों की रोकथाम पर रहेगा।