छात्रवृत्ति योजना में लापरवाही उजागर, 24 स्कूलों में एक भी विद्यार्थी का प्रोफाइल अपडेट नहीं!

एजुकेशन पोर्टल 3.0 की रिपोर्ट में खुली स्कूलों की पोल, 45 अन्य विद्यालयों में भी अधूरा काम; डीईओ ने दशहरे से पहले दिया था सात दिन का समय, अब सहायक आयुक्त को लिखा पत्र

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी 

विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए शिक्षा विभाग लगातार निर्देश जारी कर रहा है, लेकिन जिले के कई विद्यालयों में विद्यार्थियों के प्रोफाइल अपडेट करने की रफ्तार बेहद धीमी है। स्थिति यह है कि 24 स्कूलों में अब तक एक भी विद्यार्थी का प्रोफाइल अपडेट नहीं किया गया। वहीं, 45 अन्य विद्यालयों में भी काम अधूरा है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की 27 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट से यह स्थिति सामने आई है। लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए विभाग ने संबंधित संस्था प्रमुखों और संकुल प्राचार्यों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

छात्रवृत्ति योजना के तहत एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर विद्यार्थियों के प्रोफाइल शत-प्रतिशत अपडेट करने, छात्रवृत्ति स्वीकृति और संबंधित ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश हैं। इसके बावजूद सूची में शामिल 24 संस्था प्रमुखों के विद्यालयों में एक भी विद्यार्थी का प्रोफाइल अपडेट नहीं हुआ। यह स्थिति तब है, जब संबंधित स्कूलों को पहले भी काम पूरा करने का अवसर दिया जा चुका है। जिला शिक्षा अधिकारी ज्योति पटेल ने बताया कि इन 24 स्कूलों को दशहरे से पहले सात दिन का समय दिया गया था। इसके बावजूद काम में कोई प्रगति नहीं हुई। अब इस संबंध में सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया गया है।

कहीं 2.95 तो कहीं 70 प्रतिशत से अधिक काम

स्कूलवार रिपोर्ट में प्रोफाइल अपडेट की स्थिति में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। कन्या शाला परिसर राजपुर में 49.75 प्रतिशत, कन्या शाला परिसर निवाली में 29.55 प्रतिशत और कन्या शाला परिसर मोगरखेड़ा में महज 2.95 प्रतिशत काम दर्ज किया गया है। कन्या शाला परिसर फुलवारी में 42.54 प्रतिशत, जीएचएस वाहार में 62.77 प्रतिशत और कन्या शाला परिसर मालवन में 70.53 प्रतिशत विद्यार्थियों के प्रोफाइल अपडेट किए जाने का उल्लेख है।

वहीं, कुछ विद्यालयों में प्रगति बेहतर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, कन्या शाला परिसर पानसेमल में 95.13 प्रतिशत, कन्या शाला परिसर खेतिया में 93.59 प्रतिशत और कन्या शाला परिसर उलजावनिया में 89.33 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। कन्या शाला परिसर पाटी में 83.12 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।

जिले में 95 प्रतिशत काम पूरा, फिर भी कई स्कूल पीछे

जिला शिक्षा अधिकारी ज्योति पटेल के अनुसार, जिले में विद्यार्थियों के प्रोफाइल अपडेट करने का कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके बावजूद कुछ विद्यालयों में प्रगति शून्य पर अटकी हुई है, जबकि कई अन्य स्कूल भी निर्धारित लक्ष्य से पीछे हैं।

विद्यार्थियों के प्रोफाइल अपडेट होने के बाद ही छात्रवृत्ति से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पूरी हो पाती है। ऐसे में विद्यालयों में काम लंबित रहने से प्रक्रिया में देरी होने की आशंका है।

इनका कहना है 

शासन की इस महत्वपूर्ण हितग्राही मूलक योजना में किसी भी प्रकार की कोताही या पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में उदासीनता को बेहद गंभीरता से लिया जाता है। लापरवाह संस्थानों और प्राचार्यों के विरुद्ध नोटिस जारी किए जा रहे है। – रंजना बघेल, सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग