प्रदर्शनी का शुभारंभ कर आंबेडकर पार्क में प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, वक्ताओं ने संविधान के महत्व पर रखे विचार और कांग्रेस पर लगाए राजनीतिक उपेक्षा के आरोप
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला बड़वानी द्वारा गुरुवार को जिला स्तरीय संगोष्ठी आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष अजय यादव के मुख्य आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में संविधान गौरव दिवस पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए समानता, न्याय और सामाजिक समरसता के उनके विचारों को रेखांकित किया। इस दौरान वक्ताओं ने कांग्रेस पर बाबा साहब को उचित सम्मान नहीं देने के आरोप भी लगाए।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। जिला अध्यक्ष अजय यादव एवं अतिथियों ने प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया। संगोष्ठी के बाद सभी अतिथि और कार्यकर्ता बस स्टैंड स्थित आंबेडकर पार्क पहुंचे, जहां बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
बाबा साहब ने देश को समानता और न्याय का मार्ग दिखाया : अजय यादव

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि देश किन नियमों और सिद्धांतों के आधार पर संचालित होगा तथा नागरिकों के अधिकार और कर्तव्य क्या होंगे, इसकी व्यवस्था तय करने में बाबा साहब की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने संविधान निर्माण में योगदान देकर देश को समानता, न्याय और अधिकारों का मार्ग दिखाया।
अजय यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने लंबे समय तक बाबा साहब के नाम का राजनीतिक उपयोग किया, लेकिन उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने अनुसूचित जाति समाज को लेकर भी कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए और कहा कि बाबा साहब के विचारों का वास्तविक सम्मान उनके आदर्शों को अपनाने से ही संभव है।
संविधान ने प्रत्येक नागरिक को दिया अधिकारों का आधार

अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भगवती प्रसाद शिंदे, जिला महामंत्री भागीरथ कुशवाह एवं पूर्व सीसीबी उपाध्यक्ष राजेन्द्र भावसार ने भी संगोष्ठी को संबोधित किया। वक्ताओं ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत किया गया था और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में तैयार संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय और शिक्षा सहित मौलिक अधिकारों का आधार प्रदान किया।

वक्ताओं ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने वर्षों तक बाबा साहब के नाम का राजनीतिक उपयोग किया और उन्हें चुनाव में पराजित कराने में भूमिका निभाई। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संत रविदास मंदिर के लिए 101 करोड़ रुपये की राशि दिए जाने का उल्लेख करते हुए इसे संत रविदास और सामाजिक समरसता के विचारों के सम्मान से जुड़ी पहल बताया।
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जिला महामंत्री भागीरथ कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष अजय कानूनगो, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भगवती प्रसाद शिंदे, मोर्चा जिला अध्यक्ष मोहन चितावले, पूर्व सीसीबी उपाध्यक्ष राजेन्द्र भावसार, जिला मंत्री जितेंद्र निकुम एवं अमित शर्मा मंचासीन रहे।
स्वागत भाषण अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष मोहन चितावले ने दिया। उन्होंने बाबा साहब के जीवन और संघर्षों पर प्रकाश डाला। संचालन मोर्चा जिला महामंत्री दीपक राठौर ने किया तथा आभार जिला उपाध्यक्ष बाबूलाल आर्य ने माना।
इस अवसर पर भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्ष, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने दी।
