खुशियों के उत्सव में आश्रय गृह के रहवासियों को किया शामिल, विवाह वर्षगांठ पर कराया भोजन

समाज सेविका अनीता चोयल ने दिया समावेशी सामाजिक सहभागिता का संदेश, बोलीं—खुशियां तभी सार्थक, जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति भी हों सहभागी

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी 

खुशियों के अवसर केवल अपने परिवार और परिचितों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के उन लोगों तक भी पहुंचें, जिन्हें अपनत्व और सहयोग की सबसे अधिक आवश्यकता है। इसी संवेदनशील सोच के साथ समाज सेविका एवं सिरवी समाज महिला संगठन की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनीता चोयल ने अपनी पुत्री शिवानी एवं दामाद अमन चौधरी की विवाह वर्षगांठ आशाग्राम ट्रस्ट द्वारा संचालित मनोरोगियों के आशा आश्रय गृह के रहवासियों के बीच मनाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी को भोजन प्रसादी कराई और उनके साथ खुशियों के पल साझा किए।

 

इस मौके पर अनीता चोयल ने कहा कि निराश्रित एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना प्रत्येक जागरूक नागरिक का दायित्व है। वे भी हमारी तरह समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। यदि हम अपने मांगलिक और पारिवारिक आयोजनों में उन्हें सहभागी बनाएं, तो उनके जीवन में अपनत्व और सम्मान का भाव मजबूत होगा। उन्होंने समाजजनों से अपील की कि विवाह वर्षगांठ, जन्मदिन और अन्य पारिवारिक अवसरों पर आश्रय गृह के रहवासियों को भी आमंत्रित कर खुशियां साझा करें, ताकि आने वाली पीढ़ी में भी समावेशी सोच और सेवा भावना विकसित हो।

आशाग्राम ट्रस्ट के सचिव डॉ. चक्रेश पहाड़िया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज की नैतिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनने चाहिए। आश्रय गृह जैसे सेवा प्रकल्पों के संचालन और बेहतर व्यवस्था के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। यह सहयोग समय, श्रम, संसाधन अथवा अन्य किसी भी रूप में दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में आशाग्राम ट्रस्ट एवं आशा आश्रय गृह के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस पहल ने यह संदेश दिया कि खुशियों का वास्तविक आनंद तभी है, जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी उसमें बराबर का स्थान मिले।