अवैध शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग का छापा, 11 गांवों में मची हलचल; 15 प्रकरण दर्ज

665 किलो महुआ लहान नष्ट, 50 लीटर हाथभट्टी शराब सहित देशी-विदेशी मदिरा जब्त; 79 हजार 387 रुपये की सामग्री जब्त

ध्रुव वाणी बड़वानी


जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक साथ 11 गांवों में दबिश देकर कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। विभागीय टीम ने मौके से शराब जब्त करने के साथ बड़ी मात्रा में महुआ लहान नष्ट किया और कुल 15 प्रकरण दर्ज किए।

25 नवंबर को बड़वानी, अंजड़, राजपुर, सेंधवा और खेतिया वृत्त की संयुक्त टीम ने बावनगजा, अंजड़, पाटी, रोसर, सेमली, दवाना, तलवाड़ा, मटली, दुगानी, दूधखेड़ा और मालगांव में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान 17.9 लीटर देशी-विदेशी मदिरा एवं बीयर तथा 50 लीटर हाथभट्टी शराब जब्त की गई। इसके अलावा 665 किलोग्राम महुआ लहान के नमूने लेकर मौके पर ही नष्ट किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 79,387 रुपये बताया गया है।

कलेक्टर एवं संभागीय उड़नदस्ता के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी अशोक कुमार खत्री के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश मण्डलोई और अभिलाषा सिंगोरिया के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक कमलेश बामनिया, दिलीप जायसवाल, विभा नंदाले सहित विभागीय अमला शामिल रहा।