26 साल से सड़क का इंतजार, टैक्स पूरा फिर भी सुविधाएं अधूरी; सावंतपुरम कॉलोनी के रहवासी पहुंचे कलेक्टर के पास

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी


शहर की सावंतपुरम कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से परेशान महिला-पुरुष मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की। रहवासियों का आरोप है कि वर्ष 2001-02 से कॉलोनी में रहने के बावजूद आज तक सड़क निर्माण नहीं हुआ। इसके बावजूद नगर पालिका जलकर और संपत्ति कर वसूल रही है।

 

जनपद पंचायत के सेवानिवृत्त सीईओ रामलाल वानखेड़े ने सवाल उठाया कि यदि कॉलोनी नगर पालिका के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है, तो वर्षों से टैक्स किस आधार पर लिया जा रहा है? उन्होंने कॉलोनी का नियमानुसार पंजीयन कराकर विकास कार्य शुरू करने की मांग की।

कॉलोनी निवासी जमुना उपाध्याय ने बताया कि जलकर बढ़ाकर 150 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, लेकिन पानी दो से चार दिन के अंतराल पर मिल रहा है। मजबूरी में रहवासियों को 300 रुपये खर्च कर निजी टैंकर बुलवाने पड़ते हैं। गलियों में गंदा पानी बहने, खुले सेप्टिक टैंकों से दुर्गंध और नियमित सफाई नहीं होने से भी लोग परेशान हैं। आरोप है कि कई जगह कचरा जलाने से धुआं और प्रदूषण फैलता है।

रहवासियों ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याएं दूर नहीं हुईं तो नगर पालिका के सामने धरना देंगे और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करेंगे।