प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी देश बर्दाश्त नहीं करेगा, खरगे माफी मांगें: मुख्यमंत्री

डॉ. मोहन यादव ने बयान की कड़े शब्दों में निंदा की, कहा—राजनीतिक मतभेद अपनी जगह, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा जरूरी

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कथित बयान पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ी नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री ने बयान की निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के संबंध में इस तरह की टिप्पणी देश बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने खरगे से माफी मांगने की मांग की।

बड़वानी जिले के ग्राम अजगरिया में शरद पूर्णिमा पर आयोजित शिवपंथ के नशामुक्ति कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत द्वेष के आधार पर किसी के परिवार को निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि दिवंगत माता-पिता के संबंध में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल भारतीय संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कथित टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध के दौरान भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से अपने बयान के लिए माफी मांगने की मांग की।