डीजे के शोर पर बड़वानी में ‘सर्व समाज’ एकजुट, त्योहारों में ध्वनि प्रदूषण रोकने का संकल्प

पुलिस की पहल पर 200 प्रबुद्ध नागरिकों ने रखे सुझाव, तय डेसिबल और समय-सीमा में साउंड सिस्टम चलाने पर बनी सहमति

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

आगामी त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और सामाजिक जुलूसों को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए होटल जलसा रिजॉर्ट में ‘सर्व समाज विचार संगोष्ठी’ आयोजित की। सकल समाज बड़वानी और जिला पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में हुई संगोष्ठी में विभिन्न धर्मों एवं समाजों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और करीब 200 प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में समाज प्रमुखों ने जुलूसों और आयोजनों में अनियंत्रित डीजे के शोर को कम करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने पर सहमति जताई। सभी ने त्योहारों को सौहार्द और शांति के साथ मनाने का संकल्प लिया।

समाज प्रतिनिधियों ने दिए सुझाव

सिख समाज के देवेंद्र पाल सिंह ने ध्वनि नियंत्रण संबंधी न्यायालयीन मानकों के पालन की बात कही। जैन समाज के जितेंद्र जैन ने डीजे मशीनों में निर्माण स्तर से ही साउंड लिमिट तय करने का सुझाव दिया। बोहरा समाज के प्रतिनिधि कोसर मांडवाड़ा ने बुजुर्गों, बच्चों और आमजन पर तेज आवाज के प्रभाव को देखते हुए निर्धारित डेसिबल और समय-सीमा में डीजे चलाने की बात कही।

सुन्नत मुस्लिम जमात के नूरूज्जमा शेख ने बताया कि मुस्लिम समाज में विवाह एवं अन्य कार्यक्रमों में डीजे और ढोल-ताशे पर पहले से प्रतिबंध है। जिला साउंड एसोसिएशन के दुर्गेश यादव ने भी पहल का समर्थन करते हुए सीमित संख्या में साउंड बॉक्स चलाने की बात कही।

कार्यक्रम में सांसद गजेंद्र पटेल, विधायक राजन मंडलोई, विधायक बाला बच्चन, पूर्व मंत्री प्रेम सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव सहित पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की पहल की सराहना की।