7, 8 और 9 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान; 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा जरूर जांचें अपना नाम
दैनिक ध्रुव ☀️ वाणी बड़वानी
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित पात्र नागरिकों के लिए आज 7 अक्टूबर से तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू हो रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
⚠️ पहले चेक करें अपना नाम
प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन जरूर करें। यदि पात्र होने के बावजूद मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, तो नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 में आवेदन किया जा सकता है।
खास बात: फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा। इस संबंध में सभी बूथ लेवल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
युवाओं के लिए खास मौका
विशेष अभियान में उन युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों से विशेष रूप से अपील की गई है, जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है। ऐसे नागरिक इन तीन दिनों में अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
राजनीतिक दलों से भी सहयोग की अपील
प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से भी आग्रह किया है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से अभियान में सहयोग करें और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
📢 आज से 3 दिन, मौका न चूकें
- 7, 8 और 9 अक्टूबर — इन तीन दिनों में अपने मतदान केंद्र पर पहुंचें।
- नाम मतदाता सूची में है या नहीं, जरूर जांचें।
- नाम नहीं है और आप पात्र हैं तो फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें।
