Barwani…नर्मदा की रेत पर सियासी संग्राम: दिग्विजय सिंह का बड़ा आरोप— “CM के संरक्षण में चल रहा अवैध खनन”

 बड़वानी में पूर्व मुख्यमंत्री का हमला— “नर्मदा का सीना छलनी हो रहा, स्थानीयों को खदेड़कर बाहरी लोगों को सौंपा गया काम”

✍️ ध्रुव ☀️ वाणी बड़वानी

नर्मदा नदी में कथित अवैध रेत खनन को लेकर सोमवार को बड़वानी में सियासत गरमा गई। जिला मुख्यालय स्थित नए सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि नर्मदा के तटीय क्षेत्रों में सत्ता के संरक्षण में बड़े पैमाने पर अवैध रेत खनन और परिवहन का खेल चल रहा है, जबकि प्रशासन और संबंधित विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं।

प्रेस वार्ता में दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरदार सरोवर परियोजना के डूब क्षेत्र में स्थित बड़दा गांव की रेत खदान, जहां पहले स्थानीय लोग काम करते थे, वहां अब बाहरी लोगों का कब्जा हो गया है। उनका कहना था कि राजनीतिक संरक्षण के चलते स्थानीय लोगों को मारपीट और दबाव बनाकर वहां से हटाया गया।

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री का एक करीबी यहां आया, उसने स्थानीय लोगों को खदेड़ दिया और अब पूरी व्यवस्था उसी के इशारे पर चल रही है। उसे सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि नर्मदा नदी का लगातार दोहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिन-रात मशीनों से रेत निकाली जा रही है, जिससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय आंखें मूंदे बैठे हैं।

मौत के बाद भी नहीं रुका कथित अवैध खनन

दिग्विजय सिंह ने कहा कि बड़वानी जिले के बड़दा और पीपलूद खेड़ी क्षेत्र में कथित अवैध रेत खनन लंबे समय से विवादों में है। हाल ही में रेत धंसने से एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया था, लेकिन उसके बाद भी कथित अवैध उत्खनन जारी रहने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

खनिज विभाग पर भी उठाए सवाल

दरअसल लगातार शिकायतों, जनविरोध और हादसों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होना चिंताजनक है। सूत्रों के मुताबिक खनिज विभाग की भूमिका पर बड़ा सवाल उठने लगा है। लोगों के अनुसार यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती तो अवैध खनन और उससे होने वाले हादसों पर रोक लगाई जा सकती थी।

धार्मिक कार्यक्रम के बाद की प्रेस वार्ता

दिग्विजय सिंह रविवार रात बड़वानी पहुंचे थे। सोमवार सुबह उन्होंने ग्राम तलून स्थित नवनिर्मित खाटू श्याम मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। इसके बाद विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के पश्चात नए सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर अवैध रेत खनन सहित कई मुद्दों पर प्रदेश सरकार को घेरा।