नशामुक्ति अभियान को मिली नई दिशा, ठीकरी से शुरू हुआ बड़वानी पुलिस का सामाजिक परिवर्तन मॉडल
🗞️☀️ दैनिक ध्रुव वाणी ☀️🗞️
📍 ऑनलाइन न्यूज | बड़वानी
दहेज, दारू और डीजे के खिलाफ चल रही चर्चित “3D” मुहिम के बाद अब बड़वानी पुलिस ने जिले के सामाजिक विकास और जनजागरण के लिए “3S” (शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन) का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ठीकरी में आयोजित विशाल जनजागरण रैली और जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने इस नई पहल की घोषणा करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस अब केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समाज निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी।

बड़वानी पुलिस और गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में हजारों लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। रैली के बाद आयोजित जनसंवाद में एसपी शुक्ल ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं और परिवारों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। इससे मुकाबला केवल पुलिस कार्रवाई से नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता से ही संभव है।

उन्होंने बताया कि 3S नीति के तहत शिक्षा के माध्यम से युवाओं को अपराध और नशे से दूर रखने, स्वास्थ्य के क्षेत्र में नशा पीड़ितों को उपचार और परामर्श उपलब्ध कराने तथा स्वावलंबन के जरिए युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।

एसपी शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नशामुक्त एवं सशक्त समाज के संकल्प को साकार करने के लिए बड़वानी पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन में आमजन की भागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान थाना ठीकरी क्षेत्र के सरपंचों और गांव पटेलों का सम्मान किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी महेश सुनैया, डीएसपी निलेश्वरी डावर, थाना प्रभारी नाथू सिंह रंधा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।


