🗞️☀️ दैनिक ध्रुव ☀️ वाणी | बड़वानी
📍 ऑनलाइन न्यूज बड़वानी स्पेशल रिपोर्ट
बीते दिनों आई तेज आंधी और बारिश ने शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को बड़ा झटका दिया। फिल्टर प्लांट की 11 केवी केबल जल जाने से पूरे शहर में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई थी, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा ने बताया कि खराब मौसम के कारण केबल जल गई थी, जिससे जल आपूर्ति बाधित हुई। उन्होंने कहा कि टैंकरों के माध्यम से भी प्रभावित वार्डों में पानी पहुंचाने का प्रयास किया गया ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
- नगर पालिका ने तत्परता दिखाते हुए इंदौर से नई 11 केवी केबल मंगवाकर फिल्टर प्लांट की मरम्मत पूरी कर ली है। अधिकारियों के अनुसार, शाम 5 बजे तक शहर के अधिकांश इलाकों में जल वितरण व्यवस्था फिर से सुचारू कर दी जाएगी।

जल संकट पर सियासत तेज — कांग्रेस का मटका फोड़ प्रदर्शन

जल आपूर्ति बाधित होने को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता कारंजा चौराहे से नगर पालिका कार्यालय तक ताशे बजाते, नारेबाजी करते हुए पहुंचे और मटका फोड़ प्रदर्शन किया। नगर पालिका परिसर में कांग्रेस पार्षदों, कार्यकर्ताओं और सीएमओ सहित अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने जल्द जल संकट के स्थायी समाधान की मांग उठाई।
जनता को राहत की उम्मीद
फिलहाल मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद नगर पालिका ने भरोसा दिलाया है कि शाम से पानी की सप्लाई सामान्य हो जाएगी, जिससे लंबे समय से परेशान नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
