Barwani police 35 दिन बाद पकड़ा गया पिता का हत्यारा बेटा, जंगल में छिपकर काट रहा था फरारी

दैनिक ध्रुव ☀️ वाणी

बड़वानी। जिले के चर्चित पिछोड़ी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपने पिता की बीच सड़क गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी बेटा चंदन बड़ोले 35 दिन बाद पुलिस गिरफ्त में आ गया। आरोपी अमलाली के जंगलों में छिपकर फरारी काट रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार चंदन ने 19 अप्रैल को पैसों के विवाद में अपने पिता जगन बड़ोले (58) की गांव के रास्ते पर सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में बड़वानी सहित आसपास के जिलों और सीमावर्ती राज्यों में लगातार सर्चिंग कर रही थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले से जंगल में ठिकाना बना रखा था और वहीं नमक-बाटी खाकर दिन गुजार रहा था। सोमवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अमलाली के जंगल में छिपा है। पुलिस को देखकर वह पहाड़ी से कूदकर भागने लगा, जिससे उसके दोनों पैरों में चोट लग गई। घायल हालत में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन सहित 20 सदस्यीय टीम शामिल रही।