🔴 शाम की मस्ती बनी मातम, दत्त मंदिर के सामने गहरे पानी में डूबा किशोर
🔴 15 मिनट बाद नदी से शव निकाला, अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम चुकी थीं सांसें
ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
शहर के समीप नर्मदा तट राजघाट पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच दोस्तों के साथ नर्मदा स्नान करने गया किशोर गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद राजघाट और जिला अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान अमान पिता रफीक मोहम्मद (16) निवासी चांदशाह मोहल्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमान अपने दो दोस्तों के साथ शाम करीब 6:30 बजे राजघाट पहुंचा था। तीनों दत्त मंदिर के सामने स्नान कर रहे थे, तभी अमान अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
घटना के बाद उसके दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद घाट पर मौजूद लोगों, नाविकों और एसडीआरएफ दल ने तत्काल तलाश शुरू की। करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद किशोर दत्त मंदिर के सामने गहरे पानी में नजर आया।
नाविकों और एसडीआरएफ ने निकाला बाहर, लेकिन नहीं बच सकी जान
प्रत्यक्ष दर्शी बद्री लालसोलंकी के मुताबिक शाम के समय घाट पर बड़ी संख्या में लोग स्नान कर रहे थे। इसी दौरान किशोर के डूबने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि जैसे ही किशोर दिखाई दिया, नाविकों ने तत्काल उसे नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसके पेट में काफी पानी भर चुका था और वह पूरी तरह अचेत हो चुका था। किशोर को उसके दोस्त और परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल में उमड़ी भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग पहुंच गए। अस्पताल परिसर में देर रात तक गमगीन माहौल बना रहा।
वहीं, कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी कक्ष में रखवाया गया है। संभावना है कि बुधवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा।
129 मीटर पर है नर्मदा का बैकवॉटर, घाट पर बना हुआ है गहरा जलभराव
जानकारी के अनुसार वर्तमान में राजघाट पर नर्मदा का बैकवॉटर लगभग 129 मीटर पर बना हुआ है। इसके चलते नए घाट की केवल ऊपरी एक सीढ़ी ही दिखाई दे रही है, जबकि दत्त मंदिर के सामने अब भी गहरा जलभराव बना हुआ है।
