खाली मकान की छत पर रखी ड्रिप में लगी आग, शहर के सेगांव वार्ड की घटना

मकान से धुआं व आग की लपटे देख मचा हड़कंप,

मौके पर पहुंची दो फायर फाइटर,

आग पर काबू पाया, 2 लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान

ध्रुव वाणी बड़वानी। शहर के वार्ड क्रमांक 10 सेगांव मोहल्ले में बुधवार रात्रि 8:30 बजे एक खाली मकान (स्टोर रूम) की खुली छत पर रखी ड्रिप के बंडल में अचानक आग लग गई। मकान की छत पर धुआं और आग की लपटे देख पूरे मोहल्ले में हड़कंप पहुंच गया। रहवासियों ने ताबड़तोड़ अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

वहीं सूचना पर नगर पालिका के दो फायर फाइटर मौके पर पहुंचे। करीब 15-20 मिनट मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुड़ गई।

रहवासियों ने बताया कि मकान मालिक सुरेश काग सेगांव में हीं अन्य गली में रहते है। जिस मकान में आग लगी वहां वे स्टोर रूम के रूप में खेती की सामग्री रखते हैं। मकान की छत पर लंबे समय से ड्रिप लाइन रखी हुई थी। करीब 12 एकड़ की ड्रिप जलने से 2 लाख से अधिक की नुकसानी का अनुमान बताया गया है। आग लगने का कारण फिलहाल ज्ञात नहीं हो पाया।