एसआईआर : बीएलओ घर-घर जाकर मतदाओं की जानकारी करने लगे अपडेट

निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू

✍️ बड़वानी

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बड़वानी जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया 4 नवंबर से प्रारम्भ हो चुकी है। पहले दिन जिले के बीएलओ को गणना पत्रक वितरित, मतदाता से गणना पत्र भरवाने एवं पत्रक एकत्रित करने संबंधित जानकारी व प्रशिक्षण दिया गया। इसके पश्चात बीएलओ 4 नवम्बर से 4 दिसंबर तक घर-घर जाकर सर्वे कर मतदाओं की जानकारी अपडेट करेंगे। बीएलओ के पास पहले से मतदाता सूची 2025 के विवरण के अनुसार मतदाताओं के नाम, पता और इपीक नंबर सहित प्री-प्रिंटेड एन्यूमरेशन फॉर्म होगा।

नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे इस फॉर्म में भरी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक जांचकर पुष्टि करें। जिन परिवारों में कोई नया सदस्य 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है, उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए बीएलओ द्वारा फॉर्म-6 उपलब्ध कराया जाएगा। यदि किसी परिवार सदस्य का निधन हो गया हो या वह अन्यत्र स्थानांतरित हो गया हो तो उसकी जानकारी भी बीएलओ को दें, ताकि सूची से नाम विलोपित किया जा सके।मतदाता को पत्रक में अपनी जानकारी लिखना होगी। उसी दिन या कुछ दिन बाद बीएलओ दोबारा मतदाता के घर पहुंच जानकारी युक्त पत्रक ले लेंगे।

बीएलओ एक घर में गणना पत्रक की दो कॉपी देंगे। मतदाता को दोनों ही कॉपी में जानकारी देना होगी। निर्धारित दिन पर जब बीएलओ पत्रक लेने आएंगे तब एक कॉपी मतदाता रखेंगे और दूसरी बीएलओ को देना रहेगी। इस तरह एक कॉपी पावती के रूप में उपयोग होगी। पत्रक के साथ किसी प्रकार का दस्तावेज देने की जरूरत नहीं है। बीएलओ को प्रत्येक घर कम से कम तीन बार अवश्य जाना है।

🔴 जिले में 10 लाख 94 हजार 411 मतदाता है।
🔵 विधानसभावार कुल मतदाता
🔹सेंधवा में 291259
🔹राजपुर में 255987
🔹पानसेमल में 264175
🔹बड़वानी में 282990 है।
▪️सर्वे के लिए नियुक्त 1227 बीएलओ