Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत महिलाओं को हर महीने मिलने वाली सहायता राशि इस बार तय तिथि से कुछ दिन बाद वितरित की जा रही है। योजना की 23वीं किस्त 16 अप्रैल को पात्र महिलाओं के खातों में अंतरित की जाएगी।
प्रदेश-भर की महिलाएं इस योजना के तहत ₹1250 की सहायता राशि का बेसब्री से इंतजार कर रही थीं। अब इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं और सभी पात्र महिलाओं को बुधवार को उनके खाते में राशि प्राप्त हो जाएगी।
मंडला से होगा Ladli Behna Yojana राशि अंतरण का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि वह मंडला जिले के ग्राम टिकरवारा से इस किस्त का शुभारंभ करेंगे। इस बार कुल ₹1552.38 करोड़ की राशि राज्य की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी। यह आयोजन सरकार की महिलाओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसे जनभागीदारी से और भी प्रभावी बनाया जा रहा है।
Ladli Behna Yojana की किस्त की तारीख में हुआ बदलाव
योजना में इस बार देरी होने से कई अफवाहें फैलने लगी थीं कि शायद यह योजना बंद हो रही है या स्थगित कर दी गई है। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की, लेकिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि योजना पूरी तरह चालू है और किसी प्रकार का भ्रम फैलाने की कोशिशें की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि अब हर महीने 15 तारीख के आसपास लाड़ली बहनों के खातों में राशि ट्रांसफर की जाएगी ताकि तारीख को लेकर भ्रम या अफवाहों की कोई गुंजाइश न रहे। यह बदलाव प्रशासनिक स्थिरता और बेहतर योजना क्रियान्वयन की दिशा में उठाया गया कदम है।
क्या इस तरह बनेगा भोपाल नंबर वन? नगर निगम भोपाल की लापरवाही से शहर में गंदगी का अंबार!
योजना का लक्ष्य और लाभ
लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1250 की सहायता राशि दी जाती है, जिससे वे अपने आवश्यक खर्चों को स्वतंत्र रूप से पूरा कर सकें। अब तक इस योजना के जरिए करोड़ों महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिल चुका है, जिससे उनका आत्मविश्वास और सामाजिक स्थिति दोनों मजबूत हुए हैं।