एमजी रोड और देवीसिंह मार्ग पर सघन चेकिंग, लाइसेंसी पटाखा दुकानों व व्यापारियों के मकानों की तलाशी; हिंगोट और कार्बाइड गन के इस्तेमाल पर PA सिस्टम से दी चेतावनी

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली पुलिस अलर्ट हो गई है। बुधवार को थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के एमजी रोड और देवीसिंह मार्ग पर पैदल भ्रमण कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सराफा व्यापारियों से चर्चा की गई, वहीं लाइसेंसी पटाखा व्यापारियों की दुकानों और मकानों की जांच कर अवैध भंडारण की तलाश की गई।

पटाखा दुकानदारों को सुरक्षा के निर्देश
पुलिस ने व्यापारियों को रहवासी क्षेत्रों में पटाखों का भंडारण नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही पटाखा दुकानों पर अग्निशमन यंत्र सहित जरूरी सुरक्षा उपकरण रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
हिंगोट और कार्बाइड गन से दूर रहने की अपील

अभियान के दौरान पुलिस ने PA सिस्टम के माध्यम से शहर में अनाउंसमेंट कर आम नागरिकों को प्रतिबंधित विस्फोटक पदार्थ हिंगोट और कार्बाइड गन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। पुलिस ने लोगों से दीपावली पर सावधानी बरतने और खतरनाक विस्फोटक सामग्री से दूर रहने की अपील की।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में दीपावली तक सुरक्षा और चेकिंग संबंधी कार्रवाई जारी रहेगी।
