दो मिष्ठान दुकानों की भी जांच, तीन प्रतिष्ठानों से कुल 11 नमूने लिए; भोपाल की लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
दीपावली की मिठास में मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने जिला मुख्यालय पर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। सबसे पहले राजघाट रोड स्थित भारत दूध डेयरी प्लांट की जांच की गई। यहां दूध, मावा और घी के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम जंबू मिष्ठान और राजा मिष्ठान भी पहुंची। तीनों प्रतिष्ठानों से कुल 11 नमूने लिए गए। कार्रवाई देर शाम तक जारी रही।

भारत दूध डेयरी में तीन उत्पादों की जांच
राजघाट रोड स्थित भारत दूध डेयरी प्लांट पर टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची। निरीक्षण के दौरान दूध, मावा और घी के तीन नमूने लिए गए। तहसीलदार राहुल सोलंकी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर त्योहार को देखते हुए डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। नमूनों को प्रयोगशाला भेजकर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

दो मिष्ठान दुकानों से आठ नमूने
डेयरी के बाद टीम जंबू मिष्ठान पहुंची। यहां से सेमल मावा, सेव, केसर पेड़ा और सोन पपड़ी के चार नमूने लिए गए। इसके बाद राजा मिष्ठान से बेसन लड्डू, मलाई बर्फी, सोन पपड़ी और सेव के नमूने लिए गए।
भोपाल की लैब में होगी गुणवत्ता की जांच
तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी 11 नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज आंचल ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

