कहीं तेंदुए की दहशत तो कहीं आवारा कुत्तों का आतंक! बड़वानी में पशुधन पर मंडरा रहा खतरा

खेडी खुर्द में तेंदुए के हमले से बकरी घायल, वहीं डीआरपी लाइन बड़गांव में आवारा कुत्तों ने बकरी के बच्चों को बनाया निशाना; वन विभाग और जिम्मेदार विभागों की निगरानी पर उठे सवाल

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी/अंजड़ 

जिले में वन्यजीवों और आवारा कुत्तों के हमलों से पशुपालकों की चिंता बढ़ती नजर आ रही है। एक ओर अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम खेडी खुर्द में तेंदुए द्वारा बकरी पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है, तो दूसरी ओर जिला मुख्यालय के डीआरपी लाइन बड़गांव क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड बकरियों और उनके बच्चों को निशाना बना रहे हैं। दोनों घटनाओं ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पशुधन की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।

अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम खेडी खुर्द में गुरुवार को तेंदुए के हमले की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी पशुपालक गणेश पिता मढिया की बकरी पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पशुपालक से जानकारी प्राप्त की।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की चहलकदमी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में लोगों को अपने पशुधन के साथ-साथ सुरक्षा की भी चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने, तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी रखने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है। इस दौरान महेश भाबर, जयस जिला उपाध्यक्ष, शंकर मालसिंह, विरेन्द्र, गणेश, जितेन्द्र, विष्णु, संतरा बाई, मनीषा बाई, मांगीलाल, देवराम, दीपक, राजेन्द्र भोलू, रोहित बमनके सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

इधर… डीआरपी लाइन बड़गांव में कुत्तों का झुंड बना परेशानी

इधर बड़वानी शहर के डीआरपी लाइन बड़गांव क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बड़ी संख्या लोगों और पशुपालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर सामने आ रही घटनाओं के अनुसार, यहां कुत्तों के झुंड लगातार बकरियों और उनके बच्चों को निशाना बना रहे हैं।

गुरुवार दोपहर भी बड़गांव पुलिस लाइन क्षेत्र की सड़क पर आवारा कुत्तों ने एक बकरी के बच्चे पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र में कुत्तों द्वारा एक अन्य बकरी के बच्चे को निशाना बनाया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में भय और नाराजगी का माहौल है।

पशुपालकों की मांग है कि खेडी खुर्द में वन विभाग तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करे, वहीं डीआरपी लाइन बड़गांव में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।