एक झूठी कहानी के पीछे छिपी खौफनाक सच्चाई ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
दैनिक ध्रुव ☀️ वाणी बड़वानी
जिले राजपुर थाना क्षेत्र के सालखेड़ा मोहनपुरा में हुई एक दर्दनाक घटना का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस मामले को शुरुआत में “चूहों द्वारा एसिड गिरने” की दुर्घटना बताया जा रहा था, वह दरअसल चरित्र शंका में पति द्वारा रची गई सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस ने आरोपी पति विजय चौहान (31) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 29 मई को 24 वर्षीय पिंकी की एसिड से झुलसने के बाद जिला अस्पताल बड़वानी में मौत हो गई थी। जांच के दौरान शरीर पर चोटों के निशान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने पुलिस का शक बढ़ाया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी वजह से उसने 28 मई की रात सोती हुई पत्नी पर ड्रिप साफ करने वाला एसिड डाल दिया। इस दौरान पास में सो रहे बच्चों पर भी एसिड के छींटे पड़े।
पुलिस के मुताबिक, जब पिंकी बचने के लिए भागी तो आरोपी ने लोहे की रॉड से उसकी पिटाई की। बाद में घटना को हादसा साबित करने के लिए “चूहों द्वारा एसिड गिराने” की झूठी कहानी गढ़ी और फरार हो गया।
राजपुर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर लोहे की रॉड, मग्गा, दस्ताने, कैंची और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
