संविधान रक्षा के नारों के साथ कांग्रेस ने निकाली रैली, बाबा साहब को किया नमन

कोर्ट चौराहे से अंबेडकर पार्क तक निकले कार्यकर्ता, भाजपा पर संविधान को लेकर दोहरे रवैये का लगाया आरोप

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी


संविधान दिवस पर गुरुवार शाम जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश दिया। कांग्रेस नेता विष्णु बनडे के नेतृत्व में रैली कोर्ट चौराहे से शुरू होकर बस स्टैंड स्थित अंबेडकर पार्क पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा, नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान विष्णु बनडे ने भाजपा पर संविधान को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान की बात करने के साथ उसकी मूल भावना और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता का सम्मान भी जरूरी है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार दिए हैं, इसलिए इसकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। बनडे ने बताया कि संविधान दिवस पर जबलपुर में प्रदेश स्तरीय मार्च आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन और अरुण यादव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। जबलपुर नहीं पहुंच पाने के कारण बड़वानी में स्थानीय स्तर पर रैली निकाली गई।

रैली में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील यादव, मनीष पुरोहित, कालू बड़गांव, कैलाश सोलंकी, अरुण यादव, जितेंद्र जैन, विशाल यादव और रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।