स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत नगर पालिका की पहल, बैठने और रोशनी की भी व्यवस्था
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
शहर में स्वच्छता और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की दिशा में नगर पालिका परिषद बड़वानी ने एक सराहनीय पहल की है। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 17 में पहले कचरा एकत्रित होने वाले स्थान को विकसित कर आकर्षक मिनी गार्डन का स्वरूप दिया गया है।

नगर पालिका द्वारा स्थल पर रंग-रोगन कर सौंदर्यीकरण किया गया। साथ ही, वार्डवासियों की सुविधा के लिए बैठने और लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है। इस पहल से लंबे समय से कचरा एकत्रित होने वाले स्थान का स्वरूप बदलकर उसे अधिक स्वच्छ, सुंदर और उपयोगी बनाया गया है।

स्वच्छता के साथ जनसुविधा पर जोर
मिनी गार्डन विकसित होने से वार्डवासियों को बैठने और आपसी मेल-मिलाप के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होगा। वहीं, अनुपयोगी पड़े स्थान का सकारात्मक उपयोग होने से क्षेत्र के सौंदर्य में भी वृद्धि हुई है।

स्वच्छता अभियान के तहत इस तरह के प्रयास सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वार्ड क्रमांक 17 में कचरा स्थल को मिनी गार्डन में बदलने की यह पहल शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
