कचहरी रोड पर एडवोकेट पुरुषोत्तम मुकाती के मकान के बाहर खड़ी थी चार-पांच चारपहिया गाड़ियां; समय रहते मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस की चार्ली पार्टी
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
शहर के कचहरी रोड पर रात्रि गश्त के दौरान कोतवाली पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से आगजनी की बड़ी घटना टल गई। एडवोकेट पुरुषोत्तम मुकाती के मकान के बाहर चार-पांच चारपहिया वाहन खड़े थे।

इसी दौरान एक वाहन के टायर में आग लग गई। गश्त कर रही कोतवाली पुलिस की चार्ली पार्टी के आरक्षक महेश और आरक्षक खड़क सिंह की नजर आग पर पड़ी तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे और सूझबूझ दिखाते हुए आग बुझा दी। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास खड़े अन्य वाहनों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की तत्परता से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि आग समय पर नहीं बुझाई जाती तो आसपास खड़े वाहनों तक फैलकर बड़ा नुकसान हो सकता था। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया।
पुलिसकर्मियों की तत्परता पर 11 हजार रुपये का इनाम
एडवोकेट पुरुषोत्तम मुकाती ने पुलिस की इस अच्छी कार्रवाई और चार्ली टीम की सूझबूझ की सराहना करते हुए आरक्षक महेश एवं आरक्षक खड़क सिंह को 11 हजार रुपये का नकद इनाम देने और सम्मानित करने की बात कही है।
