राजघाट रोड स्थित डाइट परिसर में द्वितीय ब्लैक आउट एवं मॉक ड्रिल का आयोजन, आगजनी की स्थिति में फायर टीम ने संभाला मोर्चा
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार शाम 6:30 बजे राजघाट रोड स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था (डाइट) परिसर में द्वितीय ब्लैक आउट एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भोपाल के निर्देशानुसार संभागीय सेनानी प्रीतिबाला सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।

मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति का दृश्य तैयार कर इमारत की छत पर फंसे नागरिकों को रोप रेस्क्यू तकनीक के जरिए सुरक्षित नीचे उतारा गया। वहीं, आगजनी की स्थिति निर्मित होने पर नगर पालिका एवं फायर टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का अभ्यास किया। पूरे ऑपरेशन में बचाव दलों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई देखने को मिली।

जिला सेनानी शरदचंद्र राय के नेतृत्व में कंपनी कमांडर मुकेश मीणा एवं उनकी टीम ने संपूर्ण मॉक ड्रिल का संचालन किया। इस दौरान होमगार्ड, एसडीईआरएफ, युवा आपदा मित्र, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा एवं युवा स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

प्रशासनिक स्तर पर तहसीलदार राहुल सोलंकी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सोनाली शर्मा, डाइट प्राचार्य शीला चौहान एवं संस्थान का स्टाफ मौजूद रहा। जिला चिकित्सालय से डॉ. मनीष मालवीय के नेतृत्व में मेडिकल टीम, नगर पालिका से फायरमैन पुंजा वास्कले एवं वाहन चालक सचिन उटवाल तथा विद्युत विभाग से आनंद मोहन अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।

मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित निर्णय और प्रभावी रेस्क्यू व्यवस्था की तैयारियों का व्यावहारिक परीक्षण किया गया। आयोजन का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बचाव दलों को तैयार रखना और आमजन में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
