गर्मी से पहले जल संकट की आहट, बड़वानी जिले में निजी नलकूप खनन पर 15 अगस्त 2027 तक रोक

कलेक्टर जयति सिंह ने पूरे जिले को जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित किया, पेयजल और पशुधन के अलावा अन्य उपयोग के लिए जल निकासी प्रतिबंधित

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

जिले में औसत से कम बारिश के चलते भू-जल स्तर में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने और आगामी गर्मी में जलस्तर और नीचे जाने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने जल संरक्षण को लेकर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। कलेक्टर जयति सिंह ने संपूर्ण जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में निजी नलकूप खनन पर तत्काल प्रभाव से 15 अगस्त 2027 तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

मध्यप्रदेश पेयजल परिरक्षण (संशोधित) अधिनियम 2002 के तहत जिले को आगामी आदेश तक जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित किया गया है। आदेश के अनुसार प्राकृतिक रूप से बहने वाली नर्मदा नदी को छोड़कर अन्य नदी-नालों, तालाबों में उपलब्ध पानी तथा भूमिगत जल का घरेलू उपयोग और पशुधन के रख-रखाव के अलावा किसी अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। यानी पेयजल और निस्तार के अतिरिक्त जल की व्यावसायिक एवं अन्य निकासी नहीं की जा सकेगी।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी व्यक्ति अपने क्षेत्र में नलकूप खनन नहीं करवा सकेगा। इसके साथ ही पहले से स्थापित नलकूप की 150 मीटर की परिधि में नया नलकूप खनन प्रतिबंधित रहेगा।

बिना अनुमति नलकूप खनन कराने वालों के विरुद्ध अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित एसडीएम द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य उपलब्ध जल स्रोतों का संरक्षण कर आगामी ग्रीष्म ऋतु में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति को नियंत्रित करना है।