ओल्ड हाउसिंग बोर्ड में दिनदहाड़े मंगलसूत्र झपटमारी, बच्चों समेत सड़क पर गिरी महिला

🔴 LIVE BREAKING NEWS | बड़वानी

केंद्रीय विद्यालय से बच्चों को लेकर लौट रही थी महिला, 10 से 12 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र छीनकर भागा बदमाश; पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

शहर के ओल्ड हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में दिनदहाड़े मंगलसूत्र झपटमारी की घटना सामने आने से सनसनी फैल गई। केंद्रीय विद्यालय से अपने दोनों बच्चों को लेकर घर लौट रही अर्पिता राठौर को निशाना बनाते हुए एक युवक उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गया। वारदात के दौरान महिला और उनके दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े। यह घटना एसपी कार्यालय के सामने ही ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। महिला के अनुसार, आरोपी अचानक उनके पास पहुंचा और गले से मंगलसूत्र छीनकर नाले की तरफ भाग निकला। छीना गया सोने का मंगलसूत्र करीब 10 से 12 ग्राम वजनी बताया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी रोहित अलावा और थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। घटनास्थल के पास स्थित मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध युवक नजर आया है।

सीसीटीवी कैमरों की जांच, संदिग्ध की तलाश में जुटी पुलिस

(सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध युवक)

पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार जांच की जा रही है। अलग-अलग कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्ध युवक की पहचान और उसके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

दिनदहाड़े वारदात से सुरक्षा पर उठे सवाल

रहवासी क्षेत्र में बच्चों के साथ लौट रही महिला को निशाना बनाकर हुई इस वारदात ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और संदिग्ध की तलाश में जुटी है।