दीपावली के पहले दिन सड़कों पर उतरी पुलिस, शहर में निकाला पैदल फ्लैग मार्च; सुरक्षा व्यवस्था का दिया संदेश

कोतवाली से दशहरा मैदान तक पैदल निकला पुलिस बल, प्रमुख बाजारों और मार्गों से गुजरे अधिकारी; त्योहार पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

दीपावली पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए शुक्रवार शाम पुलिस ने शहर में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। शांति, कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस के अधिकारी और जवान पैदल प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों से गुजरे। पुलिस बल की इस सक्रिय मौजूदगी के जरिए नागरिकों को सुरक्षा का संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में निकाला गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रोहित अलावा, थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन सहित पुलिस बल शामिल रहा।

प्रमुख बाजारों और मार्गों से गुजरा पैदल मार्च

फ्लैग मार्च की शुरुआत थाना कोतवाली से हुई। यहां से पुलिस अधिकारी और जवान पैदल कचहरी रोड, एमजी रोड, देवी सिंह मार्ग, पाला बाजार, कारगिल चौक और चंचल चौराहा होते हुए दशहरा मैदान पहुंचे। शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवागमन वाले क्षेत्रों से गुजरते हुए पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर पुलिस की नजर

दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण है। पैदल फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने का संदेश दिया।