बड़वानी… पॉलीथिन पर नगर पालिका की सर्जिकल स्ट्राइक! डेढ़ क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

🔴 LIVE NEWS | बड़वानी


सेगांव नाका स्थित अजाक थाने के सामने पैकेजिंग फर्म पर छापा, सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक बाजारों में चला अभियान

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर पालिका ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर्मचारियों ने अलग-अलग टीमें बनाकर शहर के बाजारों और अन्य क्षेत्रों में दुकानों की जांच की। इस दौरान सेगांव नाका स्थित अजाक थाने के सामने बियांड पैकेजिंग पर कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ क्विंटल अमानक प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई।

🔍 झामरिया रोड से देवीसिंह मार्ग तक कार्रवाई

नगर पालिका के स्वच्छता शाखा आईसी हेड निरीक्षक सतेंद्र तिवारी के अनुसार, प्रतिबंधित सामग्री के खिलाफ दुकानदारों और थोक व्यापारियों को पहले जागरूक किया गया था। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले झामरिया रोड पर मनीष जैन की दुकान से तीन किलो पॉलीथिन और करीब 500 डिस्पोजेबल सामग्री जब्त की गई थी। वहीं, देवीसिंह मार्ग स्थित अरिहंत डिस्पोजेबल पर कार्रवाई के दौरान 25 किलो पॉलीथिन और डिस्पोजेबल सामग्री के दो पैकेट मिले थे।

🚛 ट्रेंचिंग ग्राउंड में नष्ट होगी जब्त सामग्री

नगर पालिका के कचरा वाहन से जब्त पॉलीथिन कचरा ग्राउंड भेजी गई। पैकेजिंग फर्म से बरामद पॉलीथिन को ट्रेंचिंग ग्राउंड में मशीनों के माध्यम से नष्ट किया जाएगा।

⚠️ 3500 रुपये तक जुर्माना, दोबारा उल्लंघन पर सख्ती

नगर पालिका द्वारा प्रतिबंधित सामग्री के उपयोग और बिक्री पर करीब 3500 रुपये तक जुर्माना लगाने की जानकारी दी गई है। नपा टीम ने चेतावनी दी है कि दोबारा प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर अधिक जुर्माना और कठोर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मामला न्यायालय तक भी पहुंचाया जा सकता है।