कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन देकर लगाई गुहार, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि बोले—मिलकर करेंगे समस्या का निराकरण
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
शहर के भगवान नगर में खुले में कचरा डाले जाने से रहवासी दुर्गंध और गंदगी से परेशान हैं। चार बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने पर रहवासियों ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन सौंपकर तत्काल सफाई और कचरे के उचित निस्तारण की मांग की।
रहवासियों के अनुसार, नगर पालिका के स्वच्छता कैंपस के बाहर आवासीय क्षेत्र के समीप कचरा जमा होने से मक्खी-मच्छरों और आवारा पशुओं की समस्या बढ़ रही है। दुर्गंध के कारण घरों में रहना तक मुश्किल हो रहा है। रहवासियों ने 10, 15 और 22 सितंबर तथा 6 अक्टूबर को शिकायत देने के बाद भी समस्या बरकरार रहने का आरोप लगाया।
नपा ने दिया समाधान का भरोसा
नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने कहा कि कचरा प्रबंधन के लिए प्रतिदिन गाड़ियां भेजी जा रही हैं। जहां भी परेशानी सामने आएगी, वहां पार्षदों और आमजन के सहयोग से जल्द निराकरण किया जाएगा। चौहान के अनुसार, अमृत 2.0 योजना के तहत चार स्थानों पर पानी की टंकियां बनाई जा रही हैं। दिसंबर के बाद नई मोटरें और क्षमता वाले स्टार्टर लगाने की योजना है।

अब रहवासियों को इंतजार है कि कचरे की समस्या का स्थायी समाधान कब होगा।
