बाउंड्रीवॉल से सुरक्षा, डेढ़-दो एकड़ जमीन पर बच्चों के लिए खेल सुविधाएं और वॉकिंग ट्रैक की योजना
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
उखड़े पेवर्स, कम रोशनी और बाउंड्रीवॉल के अभाव से जूझ रही लाडली लक्ष्मी वाटिका की सूरत बदलने की तैयारी है। नगर पालिका पार्क में नई लाइटें लगाने, फाउंटेन का जीर्णोद्धार करने और अधूरी बाउंड्रीवॉल बनवाने की योजना बना रही है।

नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने निरीक्षण के दौरान बताया कि पार्क के पीछे नाले के पास उपलब्ध करीब डेढ़ से दो एकड़ जमीन पर नया गार्डन विकसित करने की योजना है। यहां बच्चों के खेलने की सुविधाएं और लोगों के लिए वॉकिंग ट्रैक प्रस्तावित हैं। जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी विचार किया जाएगा।

सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर
करीब एक दशक पुराने पार्क में बाउंड्रीवॉल नहीं होने से नाले की ओर से सांप और अन्य जीव-जंतुओं के आने की शिकायतें भी सामने आई हैं। नई व्यवस्था से पार्क में सुरक्षा और रोशनी बेहतर होने की उम्मीद है। निरीक्षण में मुन्नालाल चौहान और चंद्रशेखर श्रीवास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

